राहुल चावला, कांगड़ा-:कांगड़ा के निफ्ट परिसर में आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से संवाद कर खेलों के विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं और भविष्य की तैयारियों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, आधुनिक आधारभूत ढांचे के विस्तार और युवाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।कार्यक्रम में मौजूद खिलाड़ियों और युवाओं ने प्रधानमंत्री के संवाद को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे खेलों के प्रति जागरूकता और उत्साह को बढ़ावा मिलेगा। युवाओं ने खेलों के साथ-साथ देश के प्रति जिम्मेदारी, नशे के खिलाफ अभियान और अन्य सामाजिक विषयों पर भी सवाल और सुझाव रखे।
प्रधानमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में कार्यक्रम में पहुंचे कांगड़ा-चंबा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में युवाओं ने खुलकर अपने विचार रखे और खेलों के विकास सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि युवाओं के सुझावों और उनकी अपेक्षाओं को समझकर उन्हें संसद के माध्यम से आगे रखने का प्रयास किया जाएगा।डॉ. राजीव भारद्वाज ने ‘खेलो इंडिया संवाद’ के आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और ‘माई भारत’ संगठन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देते हैं।

