अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश के गर्म इलाकों में भी अब किसान-बागवान कीवी फल उगाकर मुनाफ़ा कमा सकेंगे। हमीरपुर के भोरंज उपमंडल के गांव हनोह में एक किसान ने इसका सफल ट्रायल भी कर दिखाया हैं। हनोह के सुरेश कुमार और उनकी धर्मपत्नी रमेश कुमारी ने उद्यान विभाग की मदद से लगभग 12 कनाल जमीन पर कीवी के 100 पौधों का बागीचा तैयार कर मिसाल कायम की हैं। मात्र 5 महीनों में ही सुरेश कुमार के बागीचे में लहलहा रहे कीवी के बेलनुमा पौधे साफ बयां कर रहे हैं कि हमीरपुर जैसे क्षेत्र में भी कीवी के उत्पादन की काफी अच्छी संभावनाएं हैं।
प्रदेश के उद्यान विभाग की सब्सिडी योजनाओं का लाभ उठाते हुए किसान सुरेश कुमार एवं उनकी धर्मपत्नी ने दृढ़ इच्छा शक्ति का एक अलग का परिचय देते हुए कीवी का बगीचा तैयार किया हैं। सुरेश कुमार करीब 40 वर्षों से दिल्ली में एक प्रसिद्ध बासमती निर्यातक कंपनी में कार्य कर रहे थे। वहां खेती-किसानी से जुड़ी गतिविधियों में उनकी काफी रुचि रहती थी। वह अपनी जमीन पर नकदी फसलों की खेती के सपने देखते थे, लेकिन नौकरी की व्यस्तताओं ओर उपयुक्त जमीन के अभाव में वह अपने इस सपने को पूरा नहीं कर पा रहे थे। कंपनी से रिटायर होने के बाद सुरेश कुमार कृषि-बागवानी में कुछ नया करने की सोच रहे थे, लेकिन संसाधनों की कमी आड़े आ रही थी।
किसान सुरेश कुमार ने बताया कि उद्यान विभाग की विभिन्न सब्सिडी योजनाओं व विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में कीवी की खेती करना उन्होंने शुरू की उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग ने टैंक निर्माण के लिए 70 हजार रुपए की सब्सिडी के अलावा कीवी के पौधों के लिए भी अनुदान प्रदान किया हैं। उन्होंने बताया कि आज खेतों में कीवी के 100 बेलनुमा पौधे लहलहा रहे हैं। अब आने वाले समय में इनमें फल लगने का इंतजार हैं। सुरेश कुमार का कहना है कि कीवी की पैदावार से किसान-बागवान अच्छी आय अर्जित कर सकते हैं, क्योंकि बाजार में यह फल बहुत ही ऊंचे दामों पर बिकता हैं।
सरकार का धन्यवाद करते हुए सुरेश कुमार और उनकी धर्मपत्नी रमेश कुमारी ने कहा कि इन योजनाओं का लाभ उठाकर आज के युवा कृषि-बागवानी और इनसे संबंधित अन्य गतिविधियों के माध्यम से घर में ही अच्छी आय अर्जित कर सकते हैं।
