संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने दिल्ली दौरे के बाद सोमवार को हिमाचल पहुंचे। शिमला पहुंचकर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने को गलत करार दिया और उच्चतम न्यायालय के फ़ैसले का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल होने पर कहा कि जितनी जल्दी राहुल गांधी की सदस्यता को रद्द किया गया वह सरासर गलत था। मुख्यमंत्री ने उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह फैसला स्वागत के योग्य हैं। राहुल गांधी की सदस्यता पुन: बहाली की सच्चाई की जीत बताते हुए कहा कि झूठ कई बार सच से लड़ता है लेकिन हमेशा सच्चाई की जीत होती हैं।
वहीं दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से मुलाकात करके लौटने पर उन्होंने कहा कि उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और प्रदेश में आई आपदा और प्रदेश सरकार के राहत कार्यक्रमों की जानकारी पीएम और केंद्रीय मंत्री को दी हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने आग्रह किया और केंद्र की ओर से हिमाचल प्रदेश के आपदा के बचे 315 करोड़ की राशि जल्द जारी करने का आश्वासन दिया गया हैं। तो वहीं प्रदेश को अतिरिक्त राहत देने के लिए केंद्र की ओर से केंद्रीय टीम की रिपोर्ट के आने का इंतजार करना होगा जिसके बाद प्रदेश को अतिरिक्त राहत देने का केंद्र ने आश्वासन दिया हैं।
उधर स्वास्थ्य सचिव को लेकर चल रहे विवाद पर सीएम सुक्खू ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारी कंपनियों के जरिए लगाए जाते हैं। ऐसे में उनको निकाल दिया गया जो बड़ी बात नहीं हैं,हालांकि उन्होंने ग्रीवेंस होने की बात कही हैं।
