शिमला, 10 मार्च -:अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और ठियोग से विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में जारी संघर्ष जल्द समाप्त नहीं हुआ तो इसका असर केवल संबंधित देशों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
राठौर ने कहा कि युद्ध की स्थिति लंबी खिंचने पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल और जरूरी वस्तुओं की कीमतों में तेज उछाल आ सकता है। इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव गरीब और विकासशील देशों पर पड़ेगा, जहां पहले से ही महंगाई और आर्थिक चुनौतियां मौजूद हैं।उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील करते हुए कहा कि इस संवेदनशील मुद्दे पर तुरंत कूटनीतिक पहल की जानी चाहिए ताकि हालात और बिगड़ने से रोके जा सकें। राठौर ने यह भी कहा कि मौजूदा स्थिति में वैश्विक संस्थाओं की भूमिका उतनी सक्रिय नजर नहीं आ रही, जितनी ऐसे संकट के समय अपेक्षित होती है।कांग्रेस नेता ने कहा कि मध्य पूर्व की स्थिति तेजी से जटिल होती जा रही है और कई देश सीधे या परोक्ष रूप से इसमें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में शांति स्थापित करने के लिए सामूहिक प्रयास और संवाद ही सबसे प्रभावी रास्ता हो सकता है।उन्होंने सुझाव दिया कि गुटनिरपेक्ष और शांति समर्थक देशों को आगे आकर मध्यस्थता करनी चाहिए, ताकि इस संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त कर वैश्विक स्थिरता बनाए रखी जा सके।
