कुल्लू : मनमिंदर अरोड़ा – जिला कुल्लू के मोहल की रहने वाली स्नो लैंड स्काउट्स ग्रुप की रेंजर अंकिता ठाकुर का चयन विश्व स्काउट जंबूरी के लिए हुआ है। यह विश्व स्काउट जंबूरी दक्षिण कोरिया में 1 अगस्त से 12 अगस्त तक होने जा रही है। जिसमें हिमाचल के कुल्लू से अंकिता का चयन एक अंतरराष्ट्रीय स्टाफ मेंबर के रूप में हुआ है। वही, स्काउट एंड गाइड का एक प्रतिनिधिमंडल ढालपुर में डीसी आशुतोष गर्ग से मिला इस दौरान आशुतोष गर्ग ने रेंजर अंकिता को साउथ कोरिया के लिए भी रवाना किया।
स्काउट एंड गाइड के राज्य प्रशिक्षण आयुक्त मनोहर लाल ठाकुर ने बताया कि यह कैंप स्काउटिंग का विश्व स्तर के मुख्य कैंपों में से एक है। जो हर तीन वर्ष पूरे होने के बाद होता है और इस बार यह कैंप 1 अगस्त से 12 अगस्त तक साउथ कोरिया में होने जा रहा है। स्काउट एंड गाइड के राज्य प्रशिक्षण आयुक्त मनोहर लाल ने बताया कि इस कैंप में सारे विश्व भर के 160 से अधिक देशों से लगभग 55,000 स्काउट्स हिस्सा लेने जा रहे हैं। अंकिता ठाकुर जिला कुल्लू के मौहल से संबंध रखती है। अंकिता का स्काउटिंग में पाँच साल का अनुभव है और वर्तमान में स्नो लैंड स्काउट्स एवं गाइड्स ओपन ग्रुप की सदस्या है।
वहीं इस कैंप के लिए चयनित रेंजर अंकिता ने बताया कि वह इस कैंप में भाग लेकर भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। इस कैंप में स्काउट एंड गाइड के विभिन्न विषयों के बारे में भी उन्हें जानकारी हासिल होगी। ऐसे में इस कैंप में उनका चयन होने से वे काफी खुश हैं। वही अंकिता ठाकुर की माता शंकुतला ने कहा की उनकी बेटी की इस उपलब्धि पर उन्हें बहुत ख़ुशी है।
