Shimla,29 August-पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश नगर निगम संशोधन विधेयक 2025 खुलेआम भारतीय संविधान का उल्लंघन है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने और आसन्न हार से बचने के लिए निकाय चुनाव टाल रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 243(यू) के अनुसार नगर निगम के चुनाव पांच साल में करवाना अनिवार्य है और भंग होने की स्थिति में छह माह के भीतर चुनाव कराना पड़ता है, लेकिन कांग्रेस सरकार जानबूझकर इसका उल्लंघन कर रही है। भाजपा विधायक दल ने इस विधेयक का कड़ा विरोध दर्ज किया है।
संस्थानों को बंद करने का आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार शातिराना ढंग से प्रदेश के विद्यालय और अन्य संस्थान बंद कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले अध्यापकों को हटाकर विद्यालयों में छात्रों की संख्या घटाई गई और फिर “जीरो एनरोलमेंट” का बहाना बनाकर स्कूल बंद कर दिए गए। ठाकुर ने दावा किया कि अब तक 2000 से अधिक संस्थान बंद किए जा चुके हैं, जो कांग्रेस सरकार की राजनीतिक दुर्भावना का परिणाम है।
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना
जयराम ठाकुर ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर मंच से की गई अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि “एक गरीब मां का बेटा जब देश का प्रधानमंत्री बन गया है, तो इंडी गठबंधन के नेताओं को यह हजम नहीं हो रहा।” ठाकुर ने इसे कांग्रेस की हताशा और कुंठा करार देते हुए कहा कि देश इस कृत्य को कभी माफ नहीं करेगा।
भाजपा पदाधिकारियों का स्वागत
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष ने अपने आवास पर भाजपा के नवनिर्वाचित महासचिव डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश सचिव तिलक राज शर्मा तथा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सनी शुक्ला का स्वागत किया। उन्होंने पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठनात्मक कार्यों में पूरी निष्ठा से जुटने का आह्वान किया।
