मंजूर पठान, चंबा : अक्सर सुनने में आता है कि सड़क पर बेसहारा पशु और बेसहारा कुत्तों की वजह से सड़क हादसे होते हैं लेकिन सड़क पर तेज गति से चल रहे वाहन भी कई बार जानवरों की जान के लिए भी घातक बन जाते हैं। ऐसा ही एक मामला डलहौज़ी वन मंडल के तहत आने वाले काकिरा क्षेत्र में आया है जहां तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से तेंदुए की मौत हो गई हैं।
मौत होने के बाद यह तेंदुआ सड़क के किनारे पड़ा था जिसे यहां के स्थानीय लोगों ने देखा। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेंदुआ पड़े होने की सूचना वन विभाग को दी,जिसके बाद वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद तेंदुए के शव को नजदीकी पशु पालन विभाग के अस्पताल में पोस्टमार्टम के किए भेजा जहां से इसकी पुष्टि हुई है की किसी तेज वाहन से उक्त तेंदुए को टक्कर लगी है उसके बाद उसकी मौत हुई हैं।
वन विभाग मंडल डलहौजी के डीएफओ कमल भारती ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा की यह सुबह की घटना है और इसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने वन विभाग को दी थी। उन्होंने बताया की इसकी जांच पुलिस को सौंपी गई हैं की आखिर ऐसी क्या वजह रही होगी की तेंदुआ सड़क किनारे मृत पड़ा मिला हैं। उन्होंने बताया की मृत तेंदुए के अंतिम संस्कार के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा इसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। बता दें की डलहौजी वन मंडल सेंचुरी क्षेत्र में आता है और यहां काफी संख्या में तेंदुए जंगलों में पाए जाते हैं। अचानक रास्ता भटकने से उक्त तेंदुए सड़क पर आ गया था जहां किसी तेज रफ्तार वाहन के टकराने से इसकी मौत हुई हैं।
