Shimla, Sanju-:हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में मस्जिद को लेकर विवाद एक बार फिर उभर आया है।स्थानीय निवासियों, खासकर महिलाओं ने जिला प्रशासन से संजौली मस्जिद में शुक्रवार को नमाज़ पढ़ने पर रोक लगाने की मांग की है। इस संबंध में स्थानीय प्रतिनिधियों ने DC शिमला को ज्ञापन भी सौंपा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मस्जिद में हफ़्तेभर कोई धार्मिक गतिविधि नहीं होती, लेकिन शुक्रवार को बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों से लोग नमाज़ अदा करने यहां पहुंचते हैं। लोगों का कहना है कि नगर निगम आयुक्त की अदालत पहले ही मस्जिद को तोड़ने का आदेश दे चुकी है, जबकि ज़िला अदालत ने भी वक्फ बोर्ड और संजौली मस्जिद कमेटी की याचिका ख़ारिज कर दी थी। ऐसे में मस्जिद में धार्मिक गतिविधियों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।महिलाओं ने आरोप लगाया कि जुम्मे के दिन मस्जिद के आसपास भीड़ जुटने से क्षेत्र में सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर चिंता बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मस्जिद में आने-जाने पर रोक लगाने, बिजली और पानी के कनेक्शन काटने तथा आदेशों को सख़्ती से लागू करने की मांग की है।
स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने कदम नहीं उठाया, तो शुक्रवार को वे स्वयं नमाज़ अदा नहीं होने देंगे और मस्जिद में प्रवेश करने की कोशिश करने वालों को रोकेंगे। प्रशासन फिलहाल स्थिति पर नज़र बनाए हुए है।
