सोलन,भूपेन्द्र-: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में बुधवार सुबह सुबाथू रोड पर मटांडो के समीप दो भारी ट्रकों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा सड़क के एक संकरे मोड़ पर हुआ, जिसके कारण पूरे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था चरमरा गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सुबह के व्यस्त समय में हुए इस हादसे का असर आम लोगों की दिनचर्या पर साफ दिखाई दिया।स्कूल बसें और वैन जाम में फंस गईं, जिससे बच्चों को काफी देर तक वाहनों में इंतजार करना पड़ा।वहीं, कार्यालयों, फैक्ट्रियों और अन्य संस्थानों में काम पर जाने वाले कर्मचारी भी घंटों तक रास्ते में फंसे रहे।अभिभावकों और यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की कम चौड़ाई और तेज रफ्तार इस दुर्घटना की मुख्य वजह मानी जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रक सड़क के बीचोंबीच फंस गए और किसी भी दिशा से वाहनों का निकलना संभव नहीं हो पाया। देखते ही देखते पूरे मार्ग पर लंबा जाम लग गया।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से ट्रकों को हटाने का प्रयास शुरू किया गया। यातायात बहाल करने के लिए प्रशासन ने लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सड़क को पूरी तरह से खुलवाने के प्रयास जारी हैं।
Chandrika
