शिमला-:गेयटी थिएटर के टैवर्न हॉल में गुरुवार को “द सोल कलेक्शन” नामक पेंटिंग प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी में हिमाचल की संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिकता और सामाजिक जीवन को आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।कार्यक्रम में भाजपा हिमाचल प्रदेश के मीडिया संयोजक कर्ण नंदा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर प्रदेश कोषाध्यक्ष कमलजीत सूद, रमा ठाकुर, सुदीप महाजन, संजय कलिया, संजीव सूद और श्याम शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।प्रदर्शनी में कलाकार जितेन्द्र चौहान द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। रंगों और भावनाओं से सजी पेंटिंग्स में हिमाचल की लोकसंस्कृति और प्रकृति की झलक साफ दिखाई दी, जिसकी कला प्रेमियों ने खूब सराहना की।मुख्य अतिथि कर्ण नंदा ने कहा कि कला समाज और संस्कृति को जोड़ने का प्रभावशाली माध्यम है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की परंपराओं और लोकजीवन को चित्रों के जरिए प्रस्तुत करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कलाकार जितेन्द्र चौहान को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियां युवाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा सामने लाने का अवसर देती हैं।उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिक डिजिटल युग में कला और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।प्रदर्शनी के संयोजक जितेन्द्र चौहान ने सभी अतिथियों और कला प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “द सोल कलेक्शन” का उद्देश्य हिमाचल की संस्कृति और सामाजिक जीवन को कला के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना है।यह प्रदर्शनी 21 मई से 23 मई तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी, जहां दर्शक विभिन्न विषयों पर आधारित अनूठी पेंटिंग्स का अवलोकन कर सकेंगे।
Chandrika
