विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में नववर्ष मेले के दूसरे दिन माता रानी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इसी दौरान पंजाब के मानसा जिला से मां चिंतपूर्णी के दरबार में दर्शनों के लिए पहुंचे एक श्रद्धालु लक्ष्मण दास की 20 हजार रुपए की सोने की अंगूठी मंदिर में दर्शन करने के दौरान गुम हो गई।
सोने की अंगूठी गुम होने के बाद लक्ष्मण दास ने इसकी शिकायत मंदिर न्यास चिंतपूर्णी के कंट्रोल रूम में की, जिसके बाद पीसी इंचार्ज पूर्ण सिंह ने होमगार्ड के जवानों को श्रद्धालु की अंगूठी ढूंढने के निर्देश जारी किए। होमगार्ड जवानों की मुस्तैदी के कारण कुछ समय के बाद श्रद्धालु की अंगूठी मिल गई। पीसी इंचार्ज पूर्ण सिंह ने बताया कि पंजाब मानसा जिला के लक्ष्मण दास ने अंगूठी गुम होने की शिकायत कंट्रोल रूम में करवाई,जिसके बाद होमगार्ड के जवान कृष्ण कुमार ने खोई हुई सोने की अंगूठी ढूंढ ली।
शिकायतकर्ता से पहचान करवा कर उसकी अंगूठी उसे वापस कर दी गई हैं। लक्ष्मण दास ने बताया कि वह मंदिर न्यास का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने उनकी 20 हजार की सोने की अंगूठी को ढूंढ कर उसे वापस दे दिया। उन्होंने होमगार्ड के जवानों का भी धन्यवाद जताया।
बता दें कि चिंतपूर्णी मंदिर में चोरी की घटनाओं में पिछले कुछ समय से कमी आई थी। इस घटना के घटित होने के बाद होमगार्ड के जवान ज्यादा मुस्तैद हो गए कि कहीं कोई नया गिरोह सक्रिय तो नहीं हो गया,लेकिन सोने की अंगूठी मिल जाने से इन बातों का कोई आधार नहीं रहा।
