नाहन/देवेन्द्र कुमार: महर्षि वाल्मीकि जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में आज मंदिर में ध्वजारोहण और हवन यज्ञ किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक डॉ राजीव बिंदल विशेष तौर पर मौजूद रहे। महर्षि वाल्मीकि प्रकट उत्सव समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विधायक डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि आज शरद पूर्णिमा और महर्षि वाल्मीकि जी का प्रकट दिवस भी है। उन्होंने देशवासियों को महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकट उत्सव पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ऐसे आदि कवि थे जिन्होंने भगवान श्री रामचंद्र जी के अवतरण से पहले ही रामायण की रचना कर दी थी। महर्षि वाल्मीकि त्रिकालदर्शी थे।
उन्होंने भगवान श्री राम जी की दुविधाओं को दूर करते हुए माता सीता को अपने आश्रम में स्थान दिया तथा लव कुश को शिक्षा वा दीक्षा देकर एक महान राजा के रूप में तैयार किया। उन्होंने कहा कि ऐसे महान ऋषि का प्रकट उत्सव आज पूरे देश भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में नाहन में भी चार दिनों तक महर्षि जयंती के अवसर पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आज मंदिर परिसर में ध्वजारोहण व हवन यज्ञ किया गया तथा दोपहर बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
