Shimla, 15 September –हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस महिला स्थापना दिवस पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया गया। प्रदेश की समस्त महिलाओं को इस अवसर पर बधाई दी गई। 15 सितंबर, 1983 को देश की पहली महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी द्वारा महिला कांग्रेस की स्थापना की गई थी, ताकि महिलाएं राजनीति में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, राजीव भवन में महिला कांग्रेस का ध्वजारोहण किया गया और इसे बड़े हर्ष उल्लास के साथ मनाया गया। प्रदेश की तमाम महिलाओं को महिला स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ भी दी गईं।
जैनब चंदेल ने 33% आरक्षण की मांग की
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस महिला अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहा कि महिला कांग्रेस की स्थापना का उद्देश्य महिलाओं को राजनीति में सक्रिय करना और उनके मुद्दों को राजनीतिक मंच पर उठाना था। उन्होंने पंचायती राज चुनाव में महिलाओं के लिए आरक्षण का जिक्र करते हुए देश की राजनीति में भी महिलाओं के लिए 33% आरक्षण की मांग दोहराई।जैनब चंदेल ने कहा कि महिलाएं किसी भी मामले में पुरुषों से पीछे नहीं हैं और उनके मुद्दों को सही तरीके से उठाने के लिए राजनीति में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने महिलाओं के आरक्षण और सशक्तिकरण के लिए हमेशा आवाज उठाई।
