भावना, शिमला: प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर महिला कांग्रेस की ओर से एक अहम भूमिका निभाई जाएगी। महिला कांग्रेस की ओर से चुनावों के प्रचार प्रसार को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। अब महिला कांग्रेस डोर टू डोर जाकर कांग्रेस की ओर से महिलाओं को दी गई गारंटीयों के बारे में बताने के साथ ही बीजेपी की नाकामियों से महिलाओं को अवगत करवाएगी।
चुनावों से जुड़े के प्रचार-प्रसार को लेकर रणनीति बनाने के लिए महिला कांग्रेस की एक बैठक का आयोजन आज कांग्रेस कार्यालय में किया गया। यह बैठक महिला कांग्रेस की हिमाचल प्रभारी सुनीता शेरावत की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को यह जानकारी दी कि महिला कांग्रेस ब्लॉक स्तर पर महिलाओं को मजबूत करने के लिए प्रयास करेगी।
महिला कांग्रेस की हिमाचल प्रभारी सुनीता शेरावत ने बताया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को 1500 रूपए प्रतिमाह दिए जाएंगे। गाय,भैंस पालने वाली महिलाओं से दस लीटर दूध व 2 रूपए प्रति कीलों गोबर खरीदने जैसी गारंटियां कांग्रेस की ओर से दी गई है। महिला कांग्रेस बूथ स्तर पर जाकर इसकी जानकारी महिलाओं को देगी।
उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी जुमलों की पार्टी है।वह हमेशा झूठ बोलने में आगे रहते है। चुनावों से पहले जो भी वादे करते हैं वह पूरे नहीं होते है। भाजपा की 2 करोड़ नौकरियां, 15 लाख व महंगाई कम करने की बातें खोखली साबित हुई है। वहीं उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में कांग्रेस से अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
