राहुल चावला, धर्मशाला: धर्मशाला में नगर निगम कि मासिक बैठक का आयोजन गुरुवार को हुआ। इस बैठक में सभी वार्डों के पार्षदों ने भाग लिया ओर अपने-अपने वार्डों में पेश आ रही समस्याओं के समाधान के लिए अपनी आवाज बुलंद की। बैठक में वार्डों में आ रही बिजली,पानी की समस्याओं के साथ ही वार्डो में बरसात से हुए नुकसान को लेकर चर्चा पार्षदों ने की ओर अपनी समस्याओं से महापौर को अवगत करवाया।
वहीं बैठक के बारे में जानकारी देते हुए नगर निगम के महापौर ओंकार सिंह नहरिया ने बताया कि आज नगर निगम की मासिक बैठक का आयोजन किया गया जिसमें सभी पार्षदों ने वार्डों में जो भी विकास का काम है,या जो काम अधूरे पड़े हैं उन पर चर्चा की गई। इसी के साथ इस बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी भाग लिया और सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
ओंकार सिंह नेहरिया ने कहा कि अभी हाल ही में बरसात का मौसम खत्म हुआ है और इस बरसात के मौसम में विभिन्न वार्डों में बरसात के कारण काफी नुकसान भी हुआ है। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने चार करोड़ के जो काम मंजूर किए थे उसमें से दो करोड़ के काम हर वार्ड में शुरू करवाए जा चुके है। ओंकार सिंह नेहरिया ने बताया कि इस मासिक बैठक में हर वार्ड के पार्षद ने अपनी-अपनी समस्याएं भी रखी हैं. उनमें से कई वार्डों में पानी की समस्या व बिजली की समस्या प्रमुख समस्याएं थी, जिन्हें हल करने के लिए भी आईपीएच विभाग वह बिजली विभाग से संपर्क किया गया है ताकि वार्ड में रहने वाले लोगों को किसी भी तरह की परेशानियों का सामना ना करना पड़े।
ओंकार सिंह नेहरिया ने सीवरेज की समस्या पर बोलते हुए कहा कि शहर में भारी बारिश होने के कारण सीवरेज की पाइपों में कचरा फंस जाता है जिस वजह से नालियां ब्लॉक हो जाती है और गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है। इसके लिए भी नगर निगम प्रयासरत है की गंदा पानी सड़को पर न बहे, हालांकि सीवरेज प्लांट का काम आईपीएच विभाग के पास है फिर भी नगर निगम इस पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब धर्मशाला में सीवरेज का काम चला हुआ था तब छोटी पाईपे डाली गई थी लेकिन अब नगर निगम इन पाइपों को बदलने पर विचार कर रहा है ताकि शहर में सीवरेज की बड़ी पाइपें डाली जाए और ब्लॉकेज की समस्या को खत्म किया जा सके।
