हमीरपुर ,अरविंद -:हमीरपुर जिला अदालत परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक व्यक्ति लाइसेंसी बंदूक लेकर कोर्ट परिसर में पहुंच गया। अदालत में मौजूद लोगों ने जैसे ही उसके पास हथियार देखा, वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद अदालत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार आरोपी हमीरपुर जिले के भोरंज क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। वह किसी मामले की पेशी के सिलसिले में कोर्ट आया था। बताया गया कि वह सेशन कोर्ट के बाहर हथियार के साथ बैठा हुआ था। उसी दौरान वहां मौजूद डीएसपी की नजर उस पर पड़ी। पुलिस अधिकारी ने जब उससे अदालत परिसर में बंदूक लाने का कारण पूछा तो वह बहस करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बातचीत के दौरान व्यक्ति का व्यवहार आक्रामक हो गया और उसने कथित तौर पर पुलिस अधिकारी की ओर बंदूक तान दी। इससे कोर्ट परिसर में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।स्थिति को गंभीर होता देख पुलिस कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया और उसके कब्जे से हथियार बरामद कर लिया। घटना के बाद अदालत परिसर में मौजूद लोगों में भय का माहौल देखने को मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।प्राथमिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि चुनावी माहौल के चलते प्रशासन द्वारा सभी लाइसेंसी हथियार नजदीकी थानों में जमा करवाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आरोपी ने अपना हथियार जमा नहीं करवाया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह हथियार लेकर अदालत परिसर में किस उद्देश्य से पहुंचा था।सूत्रों के अनुसार आरोपी के खिलाफ घरेलू विवाद से जुड़ा मामला भी चल रहा है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं वह किसी विशेष मंशा के तहत अदालत में तो नहीं आया था। साथ ही आरोपी की मानसिक स्थिति की भी जांच करवाई जा रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। उन्होंने कहा कि अदालत परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
TAGGED:
Hamirpur District Court
Chandrika
