संजीव महाजन , नूरपुर | उप तहसील राजा का तालाब की बनोली पंचायत में बीती रात एक व्यक्ति पर धारदार हथियार (डराट) से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हमला जमीनी विवाद के चलते हुआ बताया जा रहा है।
हमले में घायल व्यक्ति की पहचान करनैल सिंह (57 वर्ष), निवासी बनोली पंचायत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करनैल सिंह पर उसके गार्डन में अचानक हमला किया गया, जिसमें उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल को तुरंत अमृतसर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है और उसे गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती किया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस थाना ज्वाली की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीनी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हमलावर कौन थे और किन परिस्थितियों में हमला हुआ इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार, करनैल सिंह का अपने नज़दीकी रिश्तेदारों/गांव के लोगों के साथ जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस जिला नूरपुर एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने फोन पर मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि करनैल सिंह पर पड़ोसियों ने हमला किया है। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल अमृतसर ले जाया गया है। पुलिस मौके पर पहुंच चुकी और , पुलिस द्वारा 109(1),118(1) ,351,352(3) बीएनएस तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश के साथ-साथ मामले की गहन जांच जारी है।
