Shimla,Sanju-हिमाचल प्रदेश के मंडी ज़िले में बादल फटने की वजह से आई भीषण तबाही ने कई लोगों को बेघर कर दिया है। इन प्राकृतिक आपदाओं के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस संकट की घड़ी में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आगे आकर राजभवन शिमला से आपदा प्रभावितों के लिए तीन पिकअप राहत सामग्री रवाना की है।
इस सामग्री में कंबल, त्रिपाल, किचन सेट सहित जरूरी राहत वस्तुएं शामिल हैं। राज्यपाल ने कहा कि यह केवल एक शुरुआत है—आवश्यकता के अनुसार भविष्य में और भी राहत सामग्री भेजी जाएगी।
राज्यपाल की अपील “वनों को बचाइए, हिमालय को बर्बाद न करें”
मंडी और कुल्लू में बहकर आई भारी मात्रा में लकड़ी को लेकर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने वनों की अंधाधुंध कटाई पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा: अगर लकड़ी बहकर आ रही है तो यह साफ प्रमाण है कि वनों की बड़े स्तर पर कटाई हो रही है। जो लोग इसे नकारते हैं, वे मानवता को शर्मसार कर रहे हैं। अगर उनमें थोड़ी भी संवेदना बाकी है तो हिमालय को बर्बाद करना बंद करें और हिमाचल के जंगलों को बचाएं।”
राज्यपाल ने यह भी कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से उबरने में समय लगेगा, इसलिए समाज के हर वर्ग को आगे आकर मदद करनी चाहिए।
