मंडी (परी शर्मा): दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंडी के संस्कृति सदन से केजरीवाल की ओर से हिमाचल की जनता को 6 गारंटी दी हैं। शुक्रवार को मंडी के कांगणी स्थित सांस्कृतिक भवन के सभागार में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहे। मनीष सिसोदिया ने हिमाचल की जनता को केजरीवाल की 6 गारंटीया रोजगार गारंटी, व्यापारियों एवं पर्यटकों के लिए गारंटी, भ्रष्टाचार मुक्त गारंटी, पंचायत गारंटी, तीर्थ यात्रा गारंटी, बागवानों और किसानों के लिए गारंटी दी है।
मनीष सिसोदिया ने केजरीवाल की रोजगार गारंटी देते हुए कहा कि हिमाचल के हर युवा को रोजगार दिया जाएगा। जब तक रोजगार नहीं मिलता, तब तक 3000 रुपए बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर 6 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। प्रदेश के व्यापारियों और पर्यटन उद्योग के लोगों को भी गारंटी देते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि व्यापारियों में भय का वातावरण खत्म किया जाएगा और हर व्यापारी को मान सम्मान दिया जाएगा। व्यापारियों को रैड राज और भ्रष्टाचार से मुक्ति प्रदान की जाएगी।
वेट एमनेस्टी स्कीम लाई जाएगी और 6 महीने में वैट रिफंड किया जाएगा। हिमाचल को भ्रष्टाचार मुक्त करने की गारंटी दी गई है। दिल्ली की तरह हिमाचल में भी सरकार तंत्र में भ्रष्टाचार खत्म किया जाएगा। दिल्ली की तर्ज पर एक नंबर जारी किया जाएगा। पंचायत के विकास की गारंटी देते हुए कहा कि हर पंचायत को 10 लाख रुपए की गारंटी विकास के लिए दी जाएगी और पंचायत के प्रधान को 10 हजार रुपए महीने वेतन दिया जाएगा।
प्रदेश के बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा की गारंटी दी है। इसके साथ ही किसानों बागवानों को भी गारंटी दी गई है। किसानों बागवानों की फसलों का उचित न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया जाएगा। खाद, बीज और कीटनाशक में सब्सिडी प्रदान की जाएगी। उत्पाद के भंडारण, प्रोसेसिंस और बिक्री के लिए मंडी, कोल्ड स्टोरेज यूनिट का निर्माण किया जाएगा।
