शिमला: हिमाचल में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस भाजपा को हर मोर्चे पर घेरने का काम कर रही है। वहीं कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह लगातार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर जरूरत से ज्यादा खर्च करने का आरोप लगाते हुए हमला बोल रहे है एक बार फिर से विधायक विक्रमादित्य सिंह ने जरूरत से ज्यादा खर्च को लेकर मुख्यमंत्री पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार आए दिन कैबिनेट की बैठक बुला रही है और बिना बजट के घोषणाएं कर रही है। जयराम क्षेत्रवाद की राजनीति कर रहे है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा की पूर्व की सरकारों में ऐसा कभी नहीं हुआ जयराम सबसे खर्चीले सीएम साबित हुए हैं। पांच साल में उन्होंने अपने दोस्तों के लिए हजार से ज्यादा गाड़ियां खरीद ली, जिन लोगों का आज़ादी में कोई योगदान नहीं रहा है उनका भाजपा की ओर से आज़ादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रमो में जिक्र किया जा रहा है, जबकि असली स्वतंत्रता सेनानियों का कहीं जिक्र ही नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के हारे नकारे लोगों को मंचों पर बैठाया जा रहा है जबकि कांग्रेस के चुने हुए विधायकों को बुलाया तक नहीं जा रहा है। भाजपा अमृत महोत्सव के नाम पर चुनावी रैलियां कर रही है। मुख्यमंत्री इस गलतफहमी में है कि जो इन कार्यक्रम में भीड़ जुट रही है उसे वे वोट में बदलेंगे तो वो मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे है। उन्होंने धूमल और शांता कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने ने कभी भी क्षेत्रवाद की राजनीति नहीं कि जबकि जयराम ठाकुर केवल धर्मपुर सराज तक ही सोच रहे है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी सरकार की फिक्र करनी चाहिए न कि कांग्रेस की गारंटीयों की। आज हर वर्ग सरकार से परेशान है। महगांई आसमान छू रही है। कांग्रेस पार्टी ने तथ्यों के अध्ययन करके ही लोगों को राहत देने के लिए 10 गारंटी दी है जिन्हें सत्ता में आने पर लागू किया जाएगा। बीजेपी को अपनी चिंता करनी चाहिए।
विक्रमादित्य ने शांता कुमार और धूमल को किया याद
विक्रमादित्य सिंह ने जहा जयराम पर निशाना साधा वहीं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार का गुणगान भी किया। उन्होंने कहा कि इन दोनों पूर्व मुख्यमंत्रीयों को वे साधुवाद देते हैं , जिन्होंने हिमाचल को एक समान नजर से देखते हुए विकास किया है, लेकिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सराज , धर्मपुर और मंडी के अलावा कुछ नज़र ही नहीं आ रहा है ।
