नाहन/देवेन्द्र कुमार: डॉ वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन स्वास्थ्य सुविधाओं के अलावा अल्ट्रासाउंड की लंबी-लंबी डेट देने को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहा है। परंतु वर्तमान समय में स्थिति बदल रही है और समय पर अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं। रेडियोलॉजी डिपार्टमेंट के एचओडी डॉ दिनेश शर्मा ने बताया कि वर्तमान समय में अल्ट्रासाउंड की स्थिति सुधर गई है। पहले यहां केवल एकमात्र अल्ट्रासाउंड की मशीन पर काम किया जा रहा था, लेकिन अब एक अन्य छोटी मशीन शुरू करने से काफी राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि आपातकाल में जहां 24 घंटे अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं। जबकि सामान्य केस में 1 सप्ताह के बाद की डेट दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही यहां एक अन्य 3D/4D अल्ट्रासाउंड की मशीन लगाई जा रही है । इसके लिए कमरा तैयार किया जा रहा है। इस मशीन के लगने से लोगों को 3D और 4D अल्ट्रासाउंड के लिए शहर से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
डॉ दिनेश शर्मा ने बताया कि गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड को लेकर एक सवाल के जवाब में कहा कि मानकों के अनुसार सामान्य गर्भवती महिला के दो अल्ट्रासाउंड करने की सलाह दी जाती है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं व उनके साथ पहुंचने वाले लोगों को इस बात को लेकर शंका रहती है कि उन्हें लंबी डेट अल्ट्रासाउंड दे दी जा रही है जबकि यह सब तय मानकों पर ही निर्भर रहता है।
