सोलन/योगेश शर्मा: सोलन में मजदूरों को नशीला पदार्थ सुंघाकर लूटने का मामला सामने आया है। बता दें कि जब रोहडू से नेपाल जाने के लिए दो मजदूरों रात के समय निकले तो उनके साथ यह घटना घटी। बताया जा रहा है कि नेपाली मूल के दो भाई प्रेम राज और अशोक थापा रोहड़ू के बागवान राजेश चौहान के यहां 5 महीने पहले काम पर आए थे। शुक्रवार को वह 1:00 बजे के करीब रोहडू से नेपाल जाने के लिए निकले, लेकिन रात के समय सोलन में बेहोशी का पदार्थ खिलाकर उन्हें लूट लिया गया।
रोहड़ू से नेपाल जा रहे थे मजदूर
पीड़ित प्रेम राज ने बताया कि रोहडू से सरकारी बस में शिमला आए, जिसके बाद उन्हीं के साथ रोहड़ू से बैठे नेपाली मूल के पुरुष और औरत उनसे दोस्ती करना शुरू कर दी। जिसके बाद शिमला पहुंचकर उन्होंने कहा कि सोलन से ही नेपाल के लिए डायरेक्ट गाड़ी जा रही है। जिसके बाद चारों शिमला से सोलन तक बस में आए और उसके बाद खाना-खाने के समय उन्हें कुछ बेहोशी वाला पदार्थ खिलाया गया। प्रेम राज ने बताया कि खाना खाने के बाद वह दोनों आगे पैदल चलने लगे। जिसके बाद उन्हें कुछ याद नहीं है और जब सुबह वह होश में आया तो उन्होंने खुद को सड़क के किनारे पाया। जिसके बाद उन्होंने सबसे पहले अपनी बहन को फोन किया और उसके बाद वह सीधे पुलिस स्टेशन पहुंचे। प्रेम राज ने बताया कि उनसे एक फोन और दोनों भाइयों के मिलाकर कुल ₹11000 की लूट हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है फिलहाल दोनों का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में किया जा रहा है।
