राहुल चावला, धर्मशाला: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से देश भर में चलाई गई भारत जोड़ो यात्रा 19 जनवरी को हिमाचल पहुंचेगी। 120 दिनों से चल रही इस यात्रा का समापन कश्मीर में होना हैं जिस से पहले यह यात्रा हिमाचल भी पहुंच रही हैं। भारत जोड़ो यात्रा 19 जनवरी को हिमाचल के कांगड़ा जिले के इंदौरा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। यात्रा के इंदौरा पहुंचने पर प्रबंधन को लेकर गुरुवार को कांग्रेस के विधायकों ने तपोवन में बैठक की।
भारत जोड़ो यात्रा के हिमाचल में समन्वयक, सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि यह यात्रा 19 जनवरी को जिला कांगड़ा के इंदौरा में पहुंचेगी और वहां से आगे सफर तय करेगी। उन्होंने बताया कि भारत की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए चलाई यह यात्रा पिछले 120 दिन में देश के 52 जिले और 10 राज्यों को कवर कर चुकी हैं। 7 सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से शुरू हुई ये यात्रा लगभग 3500 किलोमीटर का सफर तय करके जम्मू कश्मीर में पहुंच कर संपन्न होगी।
सरकार-पार्टी के शीर्ष नेतृत्व समेत कार्यकर्ता और आम-जन होंगे यात्रा में शामिल
राजेंद्र राणा ने बताया कि हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित प्रदेश का संपूर्ण नेतृत्व इंदौरा में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होगा। साथ ही इस यात्रा में प्रदेश भर से संगठन के लोग जुड़ेंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के अलावा पार्टी से जुड़े अन्य संगठनों के पदाधिकारी भी इससे जुड़ेंगे। राजेंद्र राणा ने बताया कि हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों के साथ कांगड़ा जिला के लोग भी बड़ी संख्या में इसमें सम्मिलित होंगे।
यात्रा के प्रबंधन को बनाई 7 सदस्यीय कमेटी
राजेंद्र राणा ने बताया कि कांगड़ा जिला में इसके समन्वय के लिए एक कमेटी गठित की गई है, जिसमें शाहपुर के विधायक व यात्रा के प्रदेश सह समन्वयक केवल सिंह पठानिया, इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन, शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया, फतेहपुर के विधायक भवानी पठानिया, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय महाजन और नीरज भारती, कांगड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष करुण पठानिया ओर कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा रहेंगे। यह कमेटी यात्रा से संबंधित सारे प्रबंधों एवं व्यवस्थाओं को देखेगी।
उन्होंने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा से भारत के प्रत्येक नागरिक को प्रभावित कर रही है और देश की एकता के लिए एक नवसंकल्प का जागरण आम जनमानस के दिलों में हुआ हैं। उन्होंने बताया कि देश और समाज में पैदा हुए हर प्रकार के भेदों को मिटाने की दृष्टि से संचालित हुई इस यात्रा में कांगड़ा जिले की जनता बढ़-चढ़कर भाग लेगी।
