संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मौसम सुहावना बना हुआ है। दिन में खिल रही धूप से लोगों को ठंडे मौसम से राहत मिल रही है, लेकिन प्रदेश में एक बार फिर से यह मौसम करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के 4 जिलों में आगामी 48 घंटों में बर्फ़बारी की संभावना जताई गई है।
विभाग ने प्रदेश के जिला किन्नौर,लाहौल स्पीति, कुल्लू और चंबा में आगामी 48 घंटों के दौरान बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं निचले क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा जबकि प्रदेश के निचले हिस्सों बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर में कोहरे को लेकर अलर्ट मौसम विभाग की ओर से जारी किया गया है। मौसम विभाग की ओर से इन जिलों में वाहन चलाते समय सावधानी बरतने को लेकर भी एडवाइजरी जारी की गई हैं।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने कहा कि प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक मौसम साफ रहेगा लेकिन आगामी 48 घंटों के दौरान किन्नौर सहित लाहौल स्पीति,चंबा ओर मनाली के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी होने की उम्मीद है,जिससे तापमान में कमी आएगी। इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम साफ बना रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के निचले इलाकों में कोहरे को लेकर भी अलर्ट है ऐसे में वाहन चालकों को एहतियात बरतने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि आगामी कुछ दिन तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं आएगा। कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कमी आएगी जबकि अधिकतर हिस्सों में तापमान स्थिर रहने की उम्मीद है। वहीं वीरवार को शिमला सहित प्रदेश भर में मौसम साफ बना रहा और दिन भर धूप खिली रही जिससे दिन के समय लोगों को ठंड से राहत मिली है लेकिन सुबह शाम तापमान में कमी से ठंड में इज़ाफा हो रहा है।
