बिलासपुर,सुभाष ठाकुर(TSN)-घुमारवीं में जिला प्रशासन बिलासपुर द्वारा आयोजित एक दिवसीय निशुल्क सहायता उपकरण शिविर में प्रदेश सरकार के नगर नियोजक, आवास, तकनीकी शिक्षा,व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्मानी ने घुमारवीं और झंडुता उपमंडल के 140 पात्र दिव्यांगजनों को एडिप और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत सहायक उपकरण वितरित किए।इनमें व्हीलचेयर, कान की मशीन और विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए मोबाइल फोन सहित अन्य सहायक उपकरण शामिल थे।
मंत्री राजेश धर्मानी ने कहा प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को मुख्यधारा में शामिल करने और उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दिव्यांगजनों को हरसंभव सहायता मिले और वे आत्मनिर्भर बन सकें।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने समाज के पिछड़े और जरूरतमंद वर्गों के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई हैं,जिनमें विशेष रूप से मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना शामिल है।इसके तहत अनाथ बच्चों को प्रदेश सरकार ने गोद लिया है और इन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार कार्य कर रही है।मंत्री ने कहा कि वे इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बातचीत करेंगे और दिव्यांग व्यक्तियों के घर तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कानूनी और बजट संबंधी मामलों पर चर्चा करेंगे।इसके अतिरिक्त उन्होंने बजट में दिव्यांगों के घर तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए धन स्वीकृत करने और अन्य कानूनी मामलों में चर्चा करने का आश्वासन दिया।
