मंडी/परी शर्मा- मंडी शहर की इंदिरा मार्केट की छत पर स्थापित सेल्फी प्वाइंट को शरारती तत्वों ने तोड़ दिया है। सेल्फी प्वाइंट को टूटे हुए 20 दिन से ज्यादा का समय बीत गया है। स्थानीय लोगों व दुकानदारों ने सेल्फी प्वाइंट के साथ की गई तोड़फोड़ की निंदा की और शहर के मुख्य स्थानों व यहां पर सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटना घटित न हो।
हालांकि यह पहली बार नहीं हुआ है कि इंदिरा मार्केट की छत पर शरारती तत्वों ने तोड़फोड़ की हो। इससे पूर्व भी शरारती तत्व कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। इन शरारती तत्वों पर नकेल कसने के लिए ना नगर निगम कुछ कर रही है और ना ही पुलिस की ओर से कोई कार्यवाही की जा रही है।
छत पर सीसीटीवी के पोस्टर तो है, पर नहीं है कोई कैमरा
इंदिरा मार्केट के प्रधान अशोक शर्मा ने बताया कि वह बार बार नगर निगम से इंदिरा मार्केट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मामला उठाते रहते हैं। वहीं इंदिरा मार्केट परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग करते हैं। निगम की ओर से इंदिरा मार्केट की छत पर सीसीटीवी कैमरा होने के पोस्टर तो लगा दिए लेकिन कैमरा एक भी नहीं लग पाया है। उन्होंने बताया कि सेल्फी प्वाइंट को टूटे हुए 20 दिन से ज्यादा का समय बीत गया है। इस बारे में कई बार नगर निगम में भी शिकायत की जा चुकी है। उसके बावजूद भी नगर निगम इसे ठीक कराने के लिए कोई जहमत नहीं उठा रही है।
कांग्रेसी नेता चेतराम ठाकुर ने कहा कि मंडी शहर में आई लव मंडी आकर्षक और सेल्फी पॉंइंट बन गया था, लेकिन इसे किसी शरारती तत्वों द्वारा तोड़ दिया गया है। इसमें मंडी का एन को तोड़ दिया है जो गलत है। उन्होंने कहा कि इसे तुंरत ठीक किया जाए। मंडी शहर और मुख्य चौराहों, स्थान सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होने चाहिए ताकि मालूम हो जाए कि कौन क्या कर रहा है।
