Shimla, 26 August – हिमाचल प्रदेश में विशेषाधिकार हनन को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और धर्मशाला से कांग्रेस विधायक सुधीर शर्मा आमने-सामने आ गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने नियमों का हवाला देते हुए विधायक शर्मा द्वारा भेजे गए विशेषाधिकार हनन नोटिस को अस्वीकार कर दिया।
अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि उन्हें विधायक की ओर से केवल डीओ (DO) नोट के माध्यम से पत्र प्राप्त हुआ है, जिसे औपचारिक नोटिस नहीं माना जा सकता। नियमों के मुताबिक विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने के लिए स्पष्ट और विधिवत नोटिस देना आवश्यक है।विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि वे अब नियमों के दायरे में रहते हुए दोबारा विशेषाधिकार हनन का नोटिस देंगे। उन्होंने कहा कि उनकी मुख्यमंत्री से कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री ने सदन में असत्य बयान दिया, इसी कारण यह कदम उठाना ज़रूरी है।
वहीं मुख्यमंत्री सुक्खू ने पलटवार करते हुए कहा कि विधायक सुधीर शर्मा केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए ऐसे मुद्दे उठा रहे हैं।
