कुल्लू : मनमिंद्र अरोड़ा- जिला कुल्लू में अब पैराग्लाइडिंग के लिए एक और साइट मिलने जा रही है। 12 अप्रैल को जिला मुख्यालय ढालपुर से पीज के लिए पैराग्लाइडिंग की जाएगी और यहां पर युवाओं को रोजगार मिलेगा।
क्षेत्रीय अस्पताल के गेट पर होगी सस्ती दवा की दुकान
ढालपुर में पत्रकारों को जानकारी देते हुए सीपीएस सुंदर ठाकुर ने कहा कि यहां पर पीज से ढालपुर के लिए पैराग्लाइडिंग का ट्रायल किया गया था। जो पूरी तरह से सफल रहा है। ऐसे में अब 12 अप्रैल को पीज से ढालपुर के लिए मानव परिंदे भी उड़ेंगे। इसके लिए पर्यटन विभाग ने भी पूरी तैयारियां कर ली है। वहीं ढालपुर के क्षेत्रीय अस्पताल में 12 अप्रैल को ही सस्ती दवाओं की दुकान, सब्सिडी वाली दवाओं की दुकान और मुफ्त दवाओं की दुकान को भी मुख्य गेट पर स्थापित किया जाएगा। ताकि मरीजों को पता चल सके कि सरकार की ओर से उन्हें मुफ्त में दवाइयां भी मिलती है। सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा है कि भाजपा के असंभव को कांग्रेस संभव कर रही है। उन्होंने कहा कि जो भाजपा कहती थी कि यह नहीं हो सकता यह असंभव है वो ही अब संभव हुआ है। व्यवस्था परिवर्तन के साथ आज कुल्लू अस्पताल में डॉक्टरों की कमी नहीं है। सभी डाक्टर अस्पताल में मौजूद है। उन्होंने कहा कि ऑफिसर नहीं इरादे बदलने चाहिए और हमने ऑफिसर नहीं इरादे बदले हैं और वोही ऑफिसर आज काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब कुल्लू अस्पताल में शत प्रतिशत इलाज मुफ्त होगा। सभी को मुफ्त दवाई अस्पताल के अंदर ही मिलेगी और अस्पताल में मंगलवार को दवाइयों की दुकानों का शुभारंभ होगा। उन्होंने कहा कि कोई भी डाक्टर बाहर को दवाई नहीं लिख पाएगा जो डाक्टर बाहर को दबाई लिखेगा वह भी बाहर हो जाएगा।
