मंजूर पठान,चंबा(TSN): हिमाचल प्रदेश की सबसे खूबसूरत पर्यटन नगरी डलहौजी में इन दिनों बंदरों ने आतंक मचाया हुआ हैं। यहां बंदरों का आतंक इतना ज्यादा है कि लगातार लोग यहां इन बंदरों के काटने का शिकार हो रहे हैं। डलहौजी में आए दिन बंदर लोगों पर हमला कर रहे है और इससे लोग ओर स्कूली बच्चे भी घायल हो रहे हैं। पिछले एक महीने में चार लोगों को बंदरों ने यहां घायल किया हैं।
समस्या को देखते हुए और बंदरों की ओर से स्कूली बच्चों और लोगों पर लगातार किए जा रहे हैं हमले को देखते हुए वन विभाग ने अपने कर्मचारियों को भी यहां तैनात कर दिया हैं। जब सुबह लोग अपने कार्य के लिए निकलते हैं या स्कूली बच्चे स्कूल जाते हैं तो उन्हें जागरूक करने का प्रयास किया जाता है कि जब भी निकले तो लोग एक साथ निकले ताकि बंदर हमला न कर सके।
बता दें कि पर्यटन नगरी होने के नाते यहां अधिक बंदर भी होटल के वेस्ट खाने को खाने के लिए आते हैं जिसके चलते लोगों से भी यह बंदर कम ही डरते हैं। अब यह बंदर लोगों पर हमला करने लगे हैं हालांकि इसके बारे में डलहौजी की आसपास की पंचायत को भी जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा हैं। वन विभाग ने इसी क्षेत्र में जो बंदर लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं उनमें से डेढ़ सौ बंदर को चिन्हित किया गया है और जल्दी ही इन्हें पकड़ने का प्रयास किया जाएगा और उसके बाद उनकी नसबंदी की जाएगी ताकि लोगों को नुकसान ना हो सके।
वहीं दूसरी और डलहौजी के डीएफओ रजनीश महाजन ने बताया की डलहौजी में आए दिन बंदर लोगों पर हमला कर रहे हैं जिसके चलते लोग भी इसमें जख्मी हो रहे हैं। इसी को देखते हुए हमने एक कर्मचारी को भी तैनात किया है और वह लोगों को जागरूक करेगा। इसके साथ-साथ ग्राम सभा के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। बता दे की डलहौजी क्षेत्र में डेढ़ सौ बंदरों की नसबंदी की जाएगी। इसके लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं और अगले सप्ताह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
