Shimla, Sanju-हिमाचल प्रदेश में फिलहाल बारिश से राहत मिलती नहीं दिख रही है। अगले कुछ दिनों तक राज्य में भारी से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 7 जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि सिरमौर और कांगड़ा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। 11 और 12 जुलाई को मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, 13 से 16 जुलाई तक प्रदेश के 9 जिलों में मूसलाधार बारिश के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा के अनुसार, बीते 24 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सिरमौर और बिलासपुर के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हुई है। आज 10 जुलाई को प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, लेकिन ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में कहीं-कहीं भारी से भारी बारिश हो सकती है।
प्रदेश के दो जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
इसी को ध्यान में रखते हुए कांगड़ा और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 11 और 12 जुलाई को मंडी, शिमला और सिरमौर में भारी बारिश का अनुमान है।13 जुलाई से 16 जुलाई तक ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान शिमला, सोलन और सिरमौर के कुछ क्षेत्रों में दृश्यता भी कम हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा का कहना है कि मानसून की धुरी दक्षिण की ओर शिफ्ट हुई है, जिससे फिलहाल बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आई है, लेकिन आने वाले दिनों में फिर से बारिश तेज़ हो सकती है।
