बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में अब तक 300 से अधिक मरीज आई फ्लू के सामने आए हैं और लगातार मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी ही दर्ज की जा रही है।
गौरतलब है कि क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में तीन नेत्र रोग विशेषज्ञ अपनी सेवाएं दे रहें है। जबकि रोजाना नेत्र विभाग में आने वाली कुल ओपीडी का 20 प्रतिशत मरीजों की संख्या आई फ्लू की है। इस बात की जानकारी देते हुए क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर ईशानी गुप्ता ने कहा कि बीते एक माह रोजाना 10 से 12 मरीज आई फ्लू के सामने आ रहे हैं। जिनमें बच्चों से लेकर बड़ों तक हर उम्र लोग शामिल है । वहीं डॉक्टर ईशानी ने बताया कि बरसात के मौसम में आई फ्लू वायरस ज्यादा सक्रिय होता है । इससे आंखों में खारिश व सूजन आती है व मरीज द्वारा आंखों को हाथों से मलने के बाद होता है, दूसरे लोगों को छूने से वह उन्हें भी फैल जाता है। वहीं आई फ्लू के मरीजों को नजदीकी अस्पताल में जरूर चेकअप के बाद डॉक्टर द्वारा दी जाने वाली एंटीबायोटिक आई-ड्रॉप का लगातार इस्तेमाल करना चाहिए ताकि वह जल्द ठीक हो सकें।
