मंडी,धर्मवीर(TSN)-हिमाचल प्रदेश के तीन हजार पंचायत चौकीदार वर्षों से सरकार से पॉलिसी बनाए जाने की आस लगाए बैठे हैं।मंडी में पंचायत चौकीदारों ने अपनी बैठक करके एक बार फिर से प्रदेश सरकार से जल्द से जल्द पॉलिसी बनाने की गुहार लगाई है।
पंचायत चौकीदारों ने मंडी में बैठक करके सरकार से लगाई पॉलिसी बनाने की गुहार
पंचायत चौकीदार संघ मंडी सदर के अध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि वर्षों बीत जाने के बाद भी सरकार कोई ठोस पॉलिसी नहीं बना पाई है।इन्होंने सरकार से मांग उठाई है कि 12 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके पंचायत चौकीदारों को नियमित किया जाए और इनका मानदेय सीधे बैंक खातों के माध्यम से दिया जाए।इनका कहना है कि जब से पंचायतों का गठन हुआ है तभी से ही पंचायत चौकीदारों का शोषण किया जा रहा है।दिन रात सेवाएं देने के बाद भी अंशकालीक चौकीदारों को 8 हजार और दैनिक वेतन भोगियों को 12 हजार मानदेय ही दिया जा रहा है।
पंचायत चौकीदार लाल दास ने बताया कि वे 1988 में भर्ती हुए थे और आज 37 वर्षों की सेवाएं देने के बाद भी नियमित नहीं हो पाए हैं।इन्होंने बताया कि बहुत से ऐसे पंचायत चौकीदार हैं जो बीना नियमित हुए ही सेवानिवृत हो गए और आज उनके हाथ पूरी तरह से खाली हैं उनके पास जीवन यापन करने के लिए कोई साधन नहीं है।इन्होंने सरकार से सेवानिवृति के बाद पेंशन का प्रावधान किए जाने की गुहार भी लगाई है।
