Una, Rakesh-भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद प्रोफेसर सिकंदर कुमार ने ऊना जिले में मीडिया को संबोधित करते हुए मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बीते 11 वर्षों से सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के प्रति समर्पित रही है।
प्रो. सिकंदर ने कहा कि मोदी सरकार ने “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” के मंत्र के साथ भ्रष्टाचार मुक्त शासन की दिशा में मजबूत कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि जनधन, आधार और मोबाइल (JAM ट्रिनिटी) के जरिए योजनाओं का सीधा लाभ जनता तक पहुँचाकर भारत को विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित किया गया है।
गरीबों और किसानों के लिए बड़ी योजनाएं:
- जनधन योजना के तहत 45 करोड़ से अधिक खाते खोलकर सीधे लाभार्थियों तक सरकारी सहायता पहुँचाई गई।
- प्रधानमंत्री गरीब अन्न कल्याण योजना से 80 करोड़ लोगों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया।
- प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से 5 करोड़ लोगों को अपना घर मिला।
- पीएम किसान सम्मान निधि योजना के जरिए 9 करोड़ किसानों को सीधा आर्थिक लाभ पहुँचा।
- आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को इलाज की सुविधा देकर 24.42 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने का कार्य हुआ।
आर्थिक और सामरिक मजबूती:
प्रो. सिकंदर ने बताया कि “एक देश, एक कर” नीति (GST) से व्यापार में पारदर्शिता आई है। वहीं, वक्फ संपत्तियों को कानूनी दायरे में लाकर समान नागरिक कानून की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया गया है।
सांस्कृतिक विरासत का संवर्धन:
- अयोध्या में राम मंदिर, सोमनाथ, काशी, मथुरा और महाकाल मंदिर कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं भारतीय विरासत को वैश्विक स्तर पर गौरव देने वाली साबित हुई हैं।
- प्रयागराज में हुए कुम्भ मेले में 65 करोड़ श्रद्धालुओं की सहभागिता को एक सांस्कृतिक और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया।
राष्ट्रीय सुरक्षा और अखंडता:
- अनुच्छेद 370 को समाप्त कर जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाया गया।
- भारत का रक्षा निर्यात 34% बढ़ा है, जिससे सामरिक क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ी है।
- नक्सलवाद को अब केवल 11 राज्यों तक सीमित कर दिया गया है और वर्ष 2026 तक देश को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में काम हो रहा है।
प्रो. सिकंदर ने अंत में कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्ष ‘विरासत से विकास’ की यात्रा का प्रमाण हैं, जिसमें हर वर्ग, खासकर गरीब और वंचित समुदाय को सम्मान के साथ मुख्यधारा में लाने का कार्य किया गया है।
