नाहन : देवेंद्र कुमार – मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि सांसदों को लेकर जो मुख्यमंत्री ने बयान बाजी की है । उसमें इशारा कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह की ओर है, परंतु बेवजह अन्य बीजेपी सांसदों को भी घसीटा जा रहा है। शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप नाहन में आज मीडिया से रूबरू हुए।
संसद के सत्र के बाद सर्किट हाउस नाहन में आज मीडिया से बात करते हुए सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि भारी बारिश से प्रदेश में बहुत अधिक नुकसान हुआ है । जिसको लेकर उन्होंने प्रभावित क्षेत्र का दौरा भी किया है। इसके साथ साथ बीजेपी राज्य संगठन आपदा को लेकर गंभीर है और प्रभावितों को हर संभव मदद करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल में आई आपदा को लेकर चिंतित है और निरंतर हिमाचल के संपर्क में है। हिमाचल में इस आपदा की घड़ी में कई केंद्रीय मंत्रियों ने हिमाचल का दौरा किया है और भरपूर मदद प्रदेश को दी है। उन्होंने बताया कि केंद्र की ओर से प्रथम किश्त की तौर पर 364 करोड रुपए की राहत राशि दी गई, इसके बाद गृह मंत्री ने 190 करोड रुपए की राशि हिमाचल को दी है। हाल ही में नितिन गडकरी ने प्रदेश का दौरा कर 400 करोड रुपए की राशि दी है और पिछले कल ही ग्रामीण विकास मंत्री द्वारा 2643 करोड रुपए की राशि प्रदेश की सड़कों की मरम्मत के लिए दी है । जिसमें से 76 सड़कें शिमला संसदीय क्षेत्र की भी शामिल है।
CM चाहते तो बुलाते सर्वदलीय बैठक
सुरेश कश्यप ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री इस आपदा की घड़ी में भी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री चाहते तो सर्वदलीय बैठक बुलाते और इस आपदा की घड़ी से निपटने के लिए मिलकर काम करते। परंतु यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री बार-बार सांसदों पर संसद में प्रदेश का मुद्दा न उठाने का आरोप लगा रहे। जिसके लिए कांग्रेस और अन्य संगठन जिम्मेवार है जिन्होंने पहले दिन से संसद में हंगामा शुरू कर दिया था और यही वजह है कि कई अहम मुद्दों पर चर्चा नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व इस वक्त भी प्रदेश के साथ खड़ा है और हर संभव मदद कर रहा है।
