संजू, शिमला | शिमला में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति यानी दिशा की बैठक का आयोजन बचत भवन में किया गया। बैठक की अध्यक्षता शिमला लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने की। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की करीब 40 योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में सांसद सुरेश कश्यप ने अधिकारियों को मनरेगा और एमपी लैड के तहत लंबित कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शेष कार्यों को भी जल्द पूरा करने को कहा गया।
सांसद ने कहा कि पिछली बैठक के बाद अधिकारियों के कामकाज में सुधार देखने को मिला है। उन्होंने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, पीएम कृषि सिंचाई योजना, आरडीएसएस, स्मार्ट मीटर और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को मानसून से पहले क्षतिग्रस्त सड़कों, विशेषकर पीएमजीएसवाई सड़कों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश भी दिए।
प्रदेश सरकार द्वारा केंद्र से पर्याप्त फंड न मिलने के आरोपों पर सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश को सभी योजनाओं के तहत पर्याप्त राशि उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कई बार राज्य सरकार समय पर यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट और कंप्लीशन सर्टिफिकेट नहीं भेजती, जिसके कारण अगली किस्त जारी होने में देरी होती है।
सांसद ने कहा कि भारी बारिश से हुए नुकसान के लिए केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को भरपूर सहायता दी है और 94 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवास भी स्वीकृत किए गए हैं।
स्मार्ट मीटरों को लेकर उठ रही शिकायतों पर सांसद ने कहा कि चेक मीटर लगाए गए हैं और यदि किसी उपभोक्ता के बिल में गड़बड़ी सामने आती है तो उसका समाधान किया जा रहा है।
राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर कांग्रेस के आरोपों को लेकर सांसद ने कहा कि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
