सोलन : योगेश शर्मा- सोलन के रहने वाले मुकेश शर्मा को जोगिन्द्रा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैक सोलन का चेयरमैन बनाया गया है। सरकार ने बुधवार शाम को उनकी नियुक्ति की नोटिफिकेशन जारी कर दी है।
मुकेश शर्मा एनएसयूआई से लेकर कांग्रेस में विभिन्न पदों पर रहे
मुकेश शर्मा ने बैंक के मनोनीत निदेशक के तौर पर शपथ ली है। उनका चेयरमैन बनना पहले से ही तय माना जा रहा था। इसके साथ ही बैंक पर कांग्रेस का कब्जा हो गया है। मुकेश शर्मा को सीएम सुक्खू का खास माना जाता है। मुकेश शर्मा एनएसयूआई से लेकर कांग्रेस में विभिन्न पदों पर रहे हैं। उन्हें स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल का भी खास माना जाता है। यही कारण है कि उनकी इस अहम पद पर ताजपोशी हुई है। बुधवार को सारा दिन बैंक में चेयरमैन की नियुक्ति को लेकर सरगर्मियां तेज रहीं।
बता दें कि बुधवार को सरकार की ओर से मनोनीत निदेशकों को शपथ दिलाई गई। इस दौरान 4 निर्वाचित निदेशकों ने 2 मनोनीत निदेशकों के मनोनयन का विरोध करते हुए इसका बहिष्कार किया गया था। विरोध करने वाले निदेशकों में 3 भाजपा समर्थित और 1 कांग्रेस समर्थित हैं। इसमें एक सदस्य कांग्रेस समर्थित संजीव कौशल भी शामिल रहे। बुधवार को हुई BOD (बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स) की बैठक में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा से पहले ही बैंक के भाजपा समर्थित चेयरमैन योगेश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
बहरहाल बैंक की BOD के 4 निर्वाचित सदस्यों के मनोनयन को लेकर विरोध के बावजूद सरकार ने बुधवार शाम को चेयरमैन की नियुक्ति की नोटिफिकेशन कर दी। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद को ऑपरेटिव बैंकों में भाजपा का तख्ता पलट हो रहा है।
