कुल्लू :मनमिंद्र अरोड़ा-अटल सदन कुल्लू में भाषा एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित किए जा रहे राज्य स्तरीय नाट्य उत्सव के दूसरे दिन कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दी। इस अवसर पर लोकनाट्य में कुल्लू क्षेत्र के प्रसिद्व लोकनाट्य ‘हौरन’ का मनभावन प्रस्तुतिकरण किया। स्वांगी कलाकारों ने दर्शकों को लोटपोट किया। हिरण के विभिन्न प्रकार के नृत्यों ने दर्शकों के मन मोह लिए। वादन पक्ष ने इस लोकनाट्य की सफलता में चार चांद लगा दिए। यह प्रस्तुति विनोद कुमार के नेतृत्व में वीर नाथ युवा मण्डल फोजल कुल्लू की थी।
वही संवाद युवा मंडल मण्डी के कलाकारों ने मनजीत मन्ना के लेखन व निर्देशन में नाटक ‘आखिरी खत’ का करूणात्मक मंचन किया। नाटक को देखते देखते दर्शकों के आँसू छलके। नाटक में सिमरन, कीर्ति, नूतन, वीरेन, संगीता, वैभव, विषाल, भोला, भीश्म दीप आदि कलाकारों ने अपने अभिनय का लोहा मनवाया। । इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ज़िला लोक संपर्क अधिकारी नरेन्द्र शर्मा ने शिरकत की।
