संजू चौधरी, शिमला: प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान में लोगों ने रिकॉर्ड तोड़ मतदान किया है। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि जनता के मन में सरकार के खिलाफ कितना रोष है। यह बात कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने आज शिमला राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल में इस बार 75.6 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया है। इसमें एक फीसदी पोस्टल बैलेट्स हैं। अभी भी 2 फीसदी पोस्टल बैलेट्स रिसीव करना बाकी है। ऐसे में मतदान प्रतिशत और बढ़ने की संभावना है।
नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश में जनता ने 75 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग कर पहले के रिकॉर्ड को तोड़ा हैं। लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में 8 दिसंबर को कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि 5 साल से सरकार की नीतियों से जनता परेशान थी। कर्मचारियों, किसानों बागवानों की बहुत सारी समस्या हैं। लोगों ने कांग्रेस की दस गारंटीयों पर विश्वास किया हैं। कांग्रेस की सरकार बनने पर सभी गारंटियों को लागू किया जाएगा।
नरेश चौहान ने ईवीएम की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए कहा कि ईवीएम को लेकर रामपुर में भी कुछ कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई हैं। चुनाव आयोग ने उस पर कार्रवाई भी की हैं। उन्होंने कहा कि रिजल्ट के लिए काफ़ी समय बाकी हैं उम्मीद हैं की स्ट्रांग रूम में ईवीएम की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम रहेंगे।
