अरविंदर सिंह,हमीरपुर: राष्ट्रीय कृमि रोग मुक्ति दिवस के मौके पर गुरुवार को हमीरपुर ज़िला में 1,35,759 बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवाई ओर पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी गई । हमीरपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या हमीरपुर में कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आरके अग्निहोत्री ने किया ।
इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्कूल की छात्राओं को एल्बेंडाजोल की दवाई दी गई। इस मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य विजय गौतम सहित स्कूल के अध्यापक व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गठित जिला टास्क फोर्स में आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में जा कर दवाई खिलवाई गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डॉ. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि गुरुवार को ज़िला हमीरपुर में एक से 19 वर्ष तक के लगभग 1,35,759 बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवाई ओर पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी गई।डॉ.अग्निहोत्री ने बताया कि भारत सरकार की ओर से चलाए गए एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत लगभग 22 करोड युवाओं में खून की कमी का प्रमुख कारण पेट में कीड़े होना पाया गया था। उन्होंने बताया कि पौष्टिक आहार खाने के बावजूद पेट में कीड़े होने के चलते 19 साल तक के युवक व युवतियों में खून की कमी पाई जाती हैं।
इसी को दूर करने के उद्देश्य से भारत सरकार ने साल में दो बार बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवाई खिलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जो बच्चे स्कूल में नहीं पढ़ रहे हैं उन्हें निकटवर्ती आंगनबाड़ी केंद्रों में दवाई खिलाई जा रही हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि गुरुवार को आंगनबाड़ी केंद्रों में 0 से 5 साल के बच्चों को भी विटामिन ए की खुराक दी जा रही है ताकि उन्हें भी खून की कमी ना हो ।
