सोलन: योगेश शर्मा – कोटलानाला में शनिवार को एक हैरान कर देने वाला वाक्या सामने आया है। जिसमें निगम के कर्मचारी निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में ही आग जलाते हुए नजर आए हैं । इसे लापरवाही कहें या कुछ और लेकिन इस तरीके से आग गाड़ी में जलाना कहीं ना कहीं किसी बड़े हादसे को भी न्यौता दे सकता था। हालांकि जिस तरीके से निगम के कर्मचारियों द्वारा कूड़े की गाड़ी में ही आग जलाकर कूड़ा जलाया जा रहा था वो नियमों के खिलाफ है।
इस बारे में नगर निगम सोलन की ज्वाइंट कमिश्नर प्रियंका चंद्रा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मीडिया के माध्यम से उनके ध्यान में यह मामला लाया गया है ।अगर इस तरह का वाक्या सचमुच में पेश आया है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कूड़े को उठाकर इसे डंपिंग साइट पर ही फेंका जाता है, लेकिन कूड़ा जलाया नहीं जा सकता क्योंकि यह सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के नियमों के खिलाफ है । ऐसे में यदि यह शिकायत सही पाई जाती है तो उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उनकी टीम को मौके पर छानबीन के लिए भेजा जा रहा है और उक्त निगम के कर्मचारियों से बात की जा रही है।
बता दें कि शहर के कोटलानाला में कूड़ा उठाने के लिए जैसे ही निगम की गाड़ी पहुंची तो एक तरफ जहां निगम का कर्मचारी सड़क से डस्टबिन किनारे पड़े कूड़े को गाड़ी में डाल रहा था तो वहीं दूसरी तरफ गाड़ी में आग जलाकर कूड़ा भी जलाया जा रहा था। हैरानी इस बात की है कि आग गाड़ी में जलाए जाने से कोई बड़ा हादसा भी पेश आ सकता था लेकिन इस लापरवाही को लेकर अब निगम क्या रुख अपनाती है यह देखने लायक होगा।
