विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में मंगलवार को ऊना जिला के नवनियुक्त एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर ने हाजिरी भरी। इस मौके पर चिंतपूर्णी मंदिर के पुजारियों ने विधिवत रूप से वैदिक मंत्रों का उच्चारण कर पूजा-अर्चना करवाई और मां के दरबार में हाजिरी लगवाई।
इस मौके पर सीनियर सुपरिटेंडेंट जीवन कुमार ने माता की चुनरी और फोटो समृति चिन्ह के रूप में एडीसी को दी। बता दें कि एडीसी ऊना महेंद्र पाल गुर्जर 2018 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह राजस्थान राज्य से संबंध रखते हैं और इससे पहले एसडीएम नालागढ़ के रूप में तैनात थे। सोमवार को ही इन्होंने सुबह के समय एडीसी ऊना के रूप में अपने पदभार को ग्रहण किया था।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जॉइनिंग करने के बाद मां के दरबार में हाजिरी भरी और प्रार्थना कि की उनका यह कार्यकाल अच्छा निकले। इसके अलावा उन्होंने कहा कि डीसी ऊना राघव शर्मा के मार्गदर्शन में चिंतपूर्णी के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
