हमीरपुर, अरविन्द-:हमीरपुर जिले में जिला परिषद वार्डों के परिसीमन को अंतिम रूप देते हुए प्रशासन ने नई अधिसूचना जारी कर दी है। अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्तावित परिसीमन के मसौदे पर पहले आम जनता से आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राप्त सभी आपत्तियों और सुझावों की समीक्षा करने के बाद अब वार्डों का अंतिम परिसीमन प्रकाशित कर दिया गया है।
जारी अधिसूचना के अनुसार जिला हमीरपुर की कुल 234 ग्राम पंचायतों को जिला परिषद के 19 वार्डों में विभाजित किया गया है। इन पंचायतों की कुल जनसंख्या लगभग 3,85,158 है। पहले जिले में जिला परिषद के 18 वार्ड थे, लेकिन नए परिसीमन के बाद इनकी संख्या बढ़ाकर 19 कर दी गई है.अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि परिसीमन के दौरान लोगों की राय को प्राथमिकता दी गई। विशेष रूप से हमीरपुर ब्लॉक समिति के वार्डों को लेकर लोगों ने सुझाव और आपत्तियां दी थीं। पहले यहां केवल 2 वार्ड निर्धारित किए गए थे, लेकिन स्थानीय लोगों की मांग और सुझावों को ध्यान में रखते हुए अब इनकी संख्या बढ़ाकर 3 कर दी गई है।नए परिसीमन के तहत जिले में बीड़ बगेहड़ा, करोट, दरोगण पत्ती कोट, उटपुर, जंगल रोपा, ताल, चमनेड, समीरपुर, धमरोल, जाहू, खरवाड़, करेर, बिझड़ी, झंझयाणी, दांदड़ू, लहड़ा, मालग, अमलैहड़ और सपड़ोह को जिला परिषद के वार्ड के रूप में शामिल किया गया है।प्रशासन का कहना है कि इस नए परिसीमन से पंचायतों के प्रतिनिधित्व में संतुलन आएगा और स्थानीय विकास कार्यों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
Chandrika
