योगेश शर्मा,सोलन: ओल्ड पेंशन स्कीम हिमाचल प्रदेश में लागू करने को लेकर लगातार कर्मचारी सरकार से मांग कर रहे हैं। वहीं अब चुनाव नजदीक आते ही एक बार फिर न्यू पेंशन कर्मचारी सरकार को घेरने का मन बना चुके हैं। संगठन के स्थापना दिवस और महात्मा गांधी की जयंती पर न्यू पेंशन कर्मचारी प्रदेश भर में आज से क्रमिक अनशन पर बैठ रहे हैं ।
सोलन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान न्यू पेंशन कर्मचारी महासंघ सोलन के प्रधान अशोक ठाकुर ने कहा कि आज उनके संगठन का स्थापना दिवस है और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती है। ऐसे में ओल्ड पेंशन स्कीम बहाल करने की मांग को लेकर आज से कर्मचारी वोट फॉर ओपीएस मुहिम के तहत ओल्ड डीसी ऑफिस के बाहर क्रमिक अनशन पर बैठ रहे। जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती है तब तक वे अनशन जारी रखेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करना कोई बड़ी बात नहीं है। छत्तीसगढ़ राजस्थान और झारखंड की सरकारों ने यह कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि 1,35,000 कर्मचारी प्रदेश भर में है और करीब 10000 कर्मचारी उसमे सोलन के है। उन्होंने कहा कि वे लोग अपने बुढ़ापे को ध्यान में रखते हुए ओल्ड पेंशन स्कीम की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें भाजपा सरकार पर पूरा विश्वास है लेकिन अगर सरकार अब भी उनकी मांग पर ध्यान नहीं देती है तो चुनाव में इसका असर सरकार को देखने को जरूर मिलेगा।
