अरविंदर सिंह,हमीरपुर: जो लोग नए है और यहां चुनाव लड़ रहे हैं उनके लिए चुनाव का यह समय प्रचार का हो सकता है मैं तो पिछले 5 सालों से लगातार लोगों के बीच में रहा हूं उनके दुख सुख में उनके साथ खड़ा रहा हूं। मेरा तो यहां अब तीसरा रिवीजन चल रहा है। यह बात सुजानपुर से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने चुनाव प्रचार के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कही।
प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष व विधायक राजेंद्र राणा ने अपने चुनाव प्रचार में तेजी लाते हुए सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम क्षेत्रों का दौरा कर नुक्कड़ सभाएं कर जनता से वोट की अपील की । इस दौरान विधायक राजेंद्र राणा ने कसीरी महादेव, बमलोह, ज़तरुडू आदि गांवों में जनता को संबोधित भी किया। राणा ने कहा कि सुजानपुर के लोग मेरे परिवार जैसे हैं और मैं इनके बीच में ही रहता हूं। 5 सालों तक मैं घर नहीं बैठा, जहां जिस ने जो काम बताया वह करने की पूरी कोशिश की है।
सुजानपुर के लोगों के बीच जाने के लिए मैं कांग्रेस, बीजेपी कुछ नहीं जानता हूं उनका अपना होने के नाते उनके बीच जाता हूं। राणा ने कहा कि जिन लोगों को चुनाव में टिकट नहीं मिलता है उनमें गुस्सा होना स्वभाविक है। समर्थक चुनाव लड़ने के लिए दबाव डालते हैं लेकिन पार्टी का वफादार सिपाही वही है जो इस गुस्से को काबू पाकर पार्टी प्रत्याशी के हक में बैठकर काम करता है। उन्होंने कहा कि जगह-जगह ऐसे लोगों के साथ पार्टी के नेता बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में 43 और कांग्रेस में 42 की लिस्ट बागी लोगों की है और पार्टी इन्हें मनाने का काम करती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने वाली है। बेरोजगारी,कर्ज में डूबा प्रदेश, पुलिस पेपर लीक मामला कई ऐसे मुद्दे हैं जिसे लेकर जनता में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि हर वर्ग भाजपा सरकार में 5 सालों तक परेशान रहा हैं। कर्मचारी हो या पेंशनर किसी की आवाज नहीं सुनी गई है। भाजपा ने जो दृष्टि पत्र बनाया था उस पर कभी उन्होंने अपनी दृष्टि नहीं डाली। 5 सालों तक इस पर आंखें बंद रखी गई और अब लोग इस वादाखिलाफी का जवाब वोट से देने के लिए तैयार है।
