अरविंदर सिंह,हमीरपुर : प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा की ओर से अपना चुनावी अभियान तेज किया जा रहा है। चुनावी अभियान में केंद्र और प्रदेश के नेता एकजुट होकर मिशन रिपीट के दावे को पूरा करने के लिए मैदान में उतरेंगे। इसके लिए विजय संकल्प अभियान भाजपा की ओर से चलाया जा रहा है। इस विजय संकल्प अभियान के तहत हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में भी केंद्र व प्रदेश के नेता चुनावी प्रचार के लिए उतरेंगे। यहां केंद्र और प्रदेश के 8 बड़े नेता जनसभाओं को संबोधित कर चुनावी जीत का बिगुल बजाएंगे।
विजय संकल्प अभियान के बारे में जानकारी देते हुए हमीरपुर संसदीय प्रवक्ता अंकुश दत्त शर्मा ने बताया कि इन आयोजनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को एलईडी के माध्यम से देखा और सुना जाएगा। उन्होंने बताया कि सुजानपुर विस क्षेत्र में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल, गगरेट और चिंतपूर्णी विधानसभा में हरियाणा सरकार के शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर, श्री नैना देवी जी में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, हमीरपुर, बड़सर और कुटलैहड़ में प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, जसवां प्रागपुर व देहरा में प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन, भोरंज व धर्मपुर में राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी, झंडुत्ता और घुमारवीं में राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार तथा बिलासपुर में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि धर सूद जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
