चम्बा/ कुल्लू/मंजूर पठान/मनमिंदर -:हिमाचल प्रदेश के चंबा और कुल्लू जिलों में शनिवार को नवनिर्वाचित पंचायत एवं जिला परिषद प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए गए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
चंबा जिला मुख्यालय स्थित एसडीएम कार्यालय में पंचायत समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। एसडीएम प्रियांशु खाती ने सभी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायत समिति ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी सदस्य जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को गति देंगे और पंचायत स्तर पर सुशासन को मजबूत बनाएंगे।
वहीं कुल्लू में जिला परिषद भवन में आयोजित समारोह में उपायुक्त अनुराग चंद्र ने 14 जिला परिषद वार्डों से निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान पहले कांग्रेस समर्थित और बाद में भाजपा समर्थित सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कुल्लू जिला परिषद में 9 भाजपा समर्थित, 4 कांग्रेस समर्थित और एक निर्दलीय सदस्य निर्वाचित हुए हैं। निर्दलीय सदस्य विभा सिंह पारिवारिक कारणों के चलते समारोह में शामिल नहीं हो सकीं।शपथ ग्रहण के साथ ही कुल्लू जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। भाजपा ने जिला परिषद में बहुमत का दावा करते हुए दोनों पदों पर अपने समर्थित उम्मीदवारों के चुने जाने का विश्वास जताया है। हालांकि इन पदों के चुनाव की तिथि अभी घोषित नहीं की गई है।पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि जिला परिषद में भाजपा समर्थित सदस्यों को स्पष्ट बहुमत प्राप्त है और आने वाले समय में पंचायत राज संस्थाओं के माध्यम से विकास कार्यों को नई गति दी जाएगी। वहीं बरशैणी वार्ड से कांग्रेस समर्थित सदस्य प्रवीण ठाकुर ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें चुना है, उस पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए कार्य किया जाएगा।शपथ ग्रहण समारोहों में प्रशासनिक अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
