अनिल कुमार, किन्नौर: जनजातीय ज़िला किन्नौर के चौरा के समीप बुधवार सुबह करीब 8 बजे पहाड़ो से भूस्खलन हुआ था जिसके बाद NH-5 करीब 7 घंटे तक अवरुद्ध रहा। ऐसे में प्रशासन की ओर से मौके पर बड़ी बड़ी मशीनरी भेजी गई और कड़ी मशक्त के बाद अब NH-5 को बहाल किया गया है जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ले ली हैं।
ज़िला के चौरा समीप NH-5 पर अभी भी पहाड़ो से हल्के हल्के पत्थरों के गिरने का सिलसिला जारी हैं जिसके मद्देनजर किन्नौर प्रशासन ने लोगों को इस जगह पर सावधानी बरतकर सफर करने का आग्रह भी किया हैं। खास कर पर्यटक जो रात्रि के समय ज़िला की ओर आवाजाही करते है उन्हें भी प्रशासन ने रात्रि के समय चौरा के NH-5 पर सफर न करने की सलाह दी है ताकि रात्रि के समय कोई अप्रिय घटना न घटे।
फिलहाल NH-5 को बहाल किया गया है और वाहनों की आवाजाही शुरू हुई हैं। वहीं मौके पर प्रशासन ने घटना स्थल पर नज़र बनाए रखने के लिए पुलिस व होमगार्ड के जवानों को भी तैनात कर रखा है ताकि पहाड़ों से गिरने वाले पत्थरों की सूचना वाहन चालकों को मिल सके।
बता दें कि ज़िला में बारिश के चलते जगह जगह पत्थरों के गिरने व भूस्खलन के मामले सामने आ रहे हैं। इस बाबत प्रशासन ने लोगों को बारिश के दौरान सफर करने से परहेज़ का भी आग्रह किया हैं।
