Nurpur, Sanjeev -:नूरपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खज्जन में समाजसेवा की एक मिसाल देखने को मिली, जब समाजसेवी अनूप चिव और उनकी पत्नी निशा चिव ने स्कूल के लगभग 30 प्लस वन और प्लस टू के विद्यार्थियों को गर्म कोट वितरित किए।इस अवसर पर कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अजय महाजन भी विशेष रूप से मौजूद रहे। यह स्कूल अजय महाजन द्वारा प्रदेश सरकार की योजना के तहत गोद लिया गया है। उनके आग्रह पर अनूप और निशा चिव ने बच्चों की मदद के लिए यह कदम उठाया।
समाजसेवी अनूप चिव ने बताया कि “हमने इससे पहले भी सात स्कूलों के बच्चों को स्वेटर और ट्रैक सूट वितरित किए हैं। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे मध्यम और गरीब परिवारों से आते हैं और कई बार अपनी बुनियादी जरूरतें पूरी नहीं कर पाते। हमारा उद्देश्य सिर्फ जरूरतमंदों की मदद करना है, न कि अपनी कोई प्रशंसा पाना। आज हमारे साथ हमारे बड़े भाई अजय महाजन का मार्गदर्शन भी है।”
पूर्व विधायक अजय महाजन ने कहा कि “राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खज्जन को मैंने सरकार की योजना के तहत गोद लिया है। हमने अनूप चिव और उनकी पत्नी से बच्चों की मदद करने का आग्रह किया और उन्होंने तुरंत सहयोग किया। इससे पहले भी उन्होंने प्राथमिक स्कूल के बच्चों को ट्रैक सूट दिए थे। मैं पूरे चिव परिवार का दिल से धन्यवाद करता हूं।”
प्रधानाचार्य शिविका अग्निहोत्री ने कहा कि “आज हमारे स्कूल के लिए बेहद गर्व का दिन है। पूर्व विधायक अजय महाजन द्वारा स्कूल गोद लिए जाने से हमें निरंतर मार्गदर्शन मिलता रहा है। उनके आग्रह पर समाजसेवी अनूप चिव और उनकी पत्नी ने आज बच्चों को गर्म कोट दिए। हम स्कूल परिवार, अध्यापकगण और एसएमसी की ओर से उनका हार्दिक धन्यवाद करते हैं। चिव परिवार की यह पहल केवल जरूरतमंद बच्चों के लिए राहत नहीं बनी है, बल्कि समाज के अन्य लोगों के लिए सेवा और सहयोग की प्रेरणा भी बन रही है।”
