नालागढ़ (जगत सिंह): नालागढ़ कोर्ट परिसर में दिन-दहाड़े फायरिंग मामले में एक नया मोड़ आया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सोमवार रात से ही शेयर की जा रही है, जिसमें कौशल चौधरी के नाम से जो कि अपने आप को बंबीहा ग्रुप का सदस्य बताता है। उसके द्वारा एक पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर की गई है और कहा गया है कि नालागढ़ कोर्ट परिसर में जो फायरिंग की गई वह बंबीहा ग्रुप के लोगों द्वारा की गई है और उसकी वह जिम्मेवारी लेता है।
उक्त व्यक्ति ने लिखा है कि सन्नी को मारने के लिए नहीं बल्कि उसे बचाने के लिए दो लोगों की ड्यूटी लगाई गई थी। इन दो लोगों द्वारा आरोपी सन्नि पर फायरिंग की गई और उसके बाद हवाई फायरिंग भी की गई। बाइक को सड़क के बीच ही छोड़ दिया गया ताकि पुलिस का ध्यान भटकाया जा सके, लेकिन उनके दोनों साथी भागने में कामयाब हुए हैं। कौशल चौधरी द्वारा लिखा गया है कि पुलिस ने दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और वह उनकी गिरफ्तारी शो नहीं कर रही है और अंत में उसने लिखा है कि दविंदर बंबीहा ग्रुप। हालांकि सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट की हमारी टीम कोई पुष्टि नहीं करती हैं लेकिन इस पोस्ट को लेकर एसपी बद्दी ने जांच के बाद ही स्तिथि के स्पष्ट होने की बात कही है।
अब पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह सन्नी नामक गैंगस्टर को बचाने आए थे या उसे फायरिंग करने के बाद मारने की कोशिश करने आए थे। यहां सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि अगर यह लोग सन्नी को बचाने के लिए आए थे तो उसके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग क्यों की गई? एक गोली तो सन्नी की कनपटी के बिल्कुल पास से गुजरी, अगर सन्नी को गोली लग जाती तो उसकी मौत हो सकती थी। दूसरी तरफ अब पंजाब के बाद हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र इन गैंगसटरो के निशाने पर आ चुका है और यहां पर भी लगातार गैंगवार की घटनाएं बढ़ती जा रही है। ऐसी घटनाएं लगातार क्षेत्र में बढ़ती जा रही है। हालांकि सुनने में यह भी आ रहा है कि इस घटना के बाद प्रदेश पुलिस के उच्च अधिकारी भी मौके का दौरा कर सकते हैं।
बता दें कि सन्नी नामक गैंगस्टर शार्प शूटर है और इसके द्वारा अगस्त 2021 में मोहाली में विक्की मिंडूखेड़ा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके बाद नालागढ़ के खेड़ा में एक गैंगवार हुई और उसमें भी इस सन्नी नामक युवक का हाथ बताया जा रहा है और उसी की मामले में पेशी के दौरान इसे नालागढ़ लाया गया था, जहां पर इसके ऊपर अंधाधुंध फायरिंग हुई। सन्नी नामक गैंगस्टर पर कई जगह पर अपराधिक मामले दर्ज है और इसे शार्प शूटर के नाम से भी जाना जाता है। यह अक्सर हत्याओं की घटनाओं को दिनदहाड़े ही अंजाम देता था और अब इसके ऊपर भी दिनदहाड़े गोली चली है। यह तो पुलिस की तफ्तीश में साफ हो पाएगा कि इस पर फायरिंग किसने की थी और उसके पीछे क्या मकसद था। लोग अपने आपको अपने ही घरों में असुरक्षित समझने लगे हैं, क्योंकि जिस तरह बड़े-बड़े मामलों में फैसला सुनाने वाले कोर्ट परिसर में ही दिनदहाड़े गोलियां चल जाती है तो लोगों का डरना भी जायज है।
