सोलन (योगेश शर्मा): सोलन के ब्रूरी में एनएच पांच पर दो वाहन एक ही गड्ढे में गिर गए। इन दोनों वाहनों में चार लोग सवार थे। गनीमत यह रही कि इन्हें हल्की चोटें आई है। सोमवार रात को ढाई बजे पहले पिकअप इस गड्ढे में गिरी जिसमें तीन लोग सवार थे। यह पिकअप कोटखाई से सेब लेकर चंडीगढ़ की और जा रही थी। उसके बाद करीब 4 बजे एक और कार ब्रूरी के समीप से आई और वह भी इस गड्ढों में गिर गई। इस कार में एक युवक सवार था। वह भी सुरक्षित बताया जा रहा है।
जब यह घटना घटी तो आस पास के लोग भी मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। अभी वह घायलों को निकाल कर घर पहुंचे ही थे कि दूसरी कार की गिरने की आवाज़ आई उसे भी गड्ढे से बाहर निकाला गया। क्षेत्र वासियों ने इस घटना का जिम्मेवार एनएचएआई को ठहराया है। फोरलेन का निर्माण करने के लिए उन्होंने एक गड्ढा बना दिया है जिसे उन्होंने भरा नहीं है।
स्थानीय लोगों ने रोष जताते हुए कहा कि कई बार इस गड्डे के बारे में जिला प्रशासन और एनएचएआई को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन उसके बावजूद भी इस गड्ढे को भरा नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां गड्ढा है वहां कोई भी सुरक्षा के इतंजाम नहीं किए गए है। इससे पहले भी कई घटनाएं यहां हो चुकी है लेकिन प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। आज भी आस पास के सभी लोग प्रशासन के पास शिकायत ले कर जा रहे है और मांग कर रहे है कि इस गड्डे को जल्द भरा जाए।
